Viratbharat_Logo

Haryana NMMS Registration 2026: सरकारी स्कूल के छात्रों को मिलेगी ₹12,000 की स्कॉलरशिप, 24 सितंबर से आवेदन शुरू

हरियाणा SCERT ने नेशनल मीन्स कम मेरिट स्कॉलरशिप (NMMS) परीक्षा 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। ऑनलाइन आवेदन 24 सितंबर से 24 अक्टूबर तक भरे जाएंगे। चयनित छात्रों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक सालाना ₹12000 स्कॉलरशिप मिलेगी।
 | 
सरकारी स्कूल के छात्रों को मिलेगी ₹12,000 की स्कॉलरशिप, 24 सितंबर से आवेदन शुरू

हरियाणा/रेवाड़ी, 23 सितंबर। हरियाणा के सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में पढ़ रहे होनहार बच्चों के लिए अच्छी खबर है। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), हरियाणा ने नेशनल मीन्स कम मेरिट स्कॉलरशिप (NMMS) परीक्षा 2026-27 के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस योजना के तहत चयनित होने वाले विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए सरकार की तरफ से आर्थिक मदद दी जाती है।

कल से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन

एनएमएमएस स्कॉलरशिप के लिए ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरने की प्रक्रिया 24 सितंबर 2026 से शुरू होने जा रही है। पात्र छात्र आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकेंगे। विभाग के अनुसार फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 24 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। समय रहते आवेदन पूरा करना स्कूलों और प्राचार्यों की जिम्मेदारी होगी।

किसे मिलेगा लाभ: पात्रता मानदंड जानिए

स्कॉलरशिप परीक्षा में बैठने के लिए शिक्षा विभाग ने कुछ जरूरी शर्तें तय की हैं:

  • स्कूल की शर्त: छात्र अनिवार्य रूप से हरियाणा के केवल सरकारी या अनुदान प्राप्त (Govt. Aided) स्कूलों में 8वीं कक्षा में पढ़ रहा हो।
  • पिछली कक्षा के अंक: छात्र ने अपनी 7वीं कक्षा की परीक्षा न्यूनतम 55% अंकों के साथ सरकारी स्कूल से ही पास की हो।
  • पारिवारिक आय: परीक्षार्थी के माता-पिता की सभी स्रोतों से कुल सालाना आय 3,50,000 रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।

हर साल मिलेंगे 12,000 रुपये

हरियाणा राज्य के लिए इस स्कॉलरशिप योजना के तहत कुल 2,337 सीटों का कोटा तय है। राज्य स्तर पर आयोजित होने वाली इस प्रतियोगी परीक्षा को पास करने वाले छात्रों को कक्षा 9वीं से लेकर 12वीं तक की पढ़ाई जारी रखने के लिए 1,000 रुपये प्रति महीना यानी कुल 12,000 रुपये सालाना की छात्रवृत्ति सीधे उनके खाते में भेजी जाएगी।

29 नवंबर को परीक्षा, ऐसा रहेगा पैटर्न

इस छात्रवृत्ति के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन 29 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया जाएगा। परीक्षा में दो मुख्य भाग होंगे और सभी प्रश्न बहुविकल्पीय (MCQs) होंगे:

  • मानसिक योग्यता परीक्षा (MAT): इसमें छात्रों की तर्कशक्ति और मानसिक क्षमता को परखने के लिए 90 प्रश्न पूछे जाएंगे।
  • बौद्धिक योग्यता परीक्षा (SAT): इस भाग में कुल 90 प्रश्न होंगे, जिसमें विज्ञान से 35, सामाजिक विज्ञान से 35 और गणित विषय से 20 प्रश्न शामिल रहेंगे।

आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभाग द्वारा एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे और परीक्षा के बाद जिला शिक्षा अधिकारी के कार्यालय के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों की अंतिम मेरिट सूची सभी स्कूलों को भेज दी जाएगी।
 

Around the web