Viratbharat_Logo

रेवाड़ी के जेतड़ावास में 'मेरा स्वास्थ्य, मेरा गर्व' शिविर आयोजित, युवाओं को दिलाई नशा मुक्ति की शपथ

रेवाड़ी के ग्राम जेतड़ावास में 'मेरा स्वास्थ्य, मेरा गर्व' के तहत स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई।
 | 
रेवाड़ी के जेतड़ावास में 'मेरा स्वास्थ्य, मेरा गर्व' शिविर आयोजित, युवाओं को दिलाई नशा मुक्ति की शपथ

रेवाड़ी। 'मेरा युवा भारत', रेवाड़ी (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) द्वारा स्वास्थ्य विभाग रेवाड़ी के सहयोग से “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत–100 दिवसीय अभियान” के अंतर्गत रविवार को ग्राम जेतड़ावास में “मेरा स्वास्थ्य, मेरा गर्व” थीम पर एक दिवसीय सामान्य स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया।

यह पूरा कार्यक्रम ग्राम सरपंच हेमलता के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। शिविर के दौरान मेडिकल ऑफिसर डॉ. कुलदीप यादव, फार्मेसी ऑफिसर दिनेश, एसटीओ पूनम तथा नर्सिंग ऑफिसर राहुल, काजल एवं मंजू की टीम ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में पहुंचे युवाओं, महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों की बीपी, शुगर, ब्लड टेस्ट सहित लिवर और किडनी की जांच की गई। इसके साथ ही बीपी और शुगर से पीड़ित मरीजों को आवश्यकतानुसार दवाइयां भी नि:शुल्क उपलब्ध करवाई गईं।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. कुलदीप यादव ने उपस्थित लोगों को पौष्टिक आहार, स्वस्थ जीवनशैली और नशे के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले गंभीर दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ जीवन के लिए संतुलित खान-पान, नियमित शारीरिक गतिविधि और नशे से दूरी बनाना बेहद आवश्यक है।

शिविर में जिला युवा अधिकारी (मेरा युवा भारत, रेवाड़ी) सुमित यादव ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्त भारत निर्माण की शपथ दिलाई। इसके उपरांत परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली और “मेरा स्वास्थ्य, मेरा गर्व” का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर 'मेरा युवा भारत' रेवाड़ी जिला कार्यालय से प्रशासनिक सहायक विनय राव एवं सुशील भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों और युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति सचेत करते हुए एक नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प दिलाना रहा।

Around the web