हरियाणा: गुड़ियानी में लगा सेवा सेतु कैंप, 17 अक्टूबर तक पात्र परिवारों को मिलेगा सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ
Rewari News: हरियाणा सरकार की ओर से प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से 17 अक्तूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला प्रशासन द्वारा जिलाभर में सेवा सेतु कैंपों का आयोजन किया जा रहा है।
रविवार को उपायुक्त (डीसी) श्री अभिषेक मीणा के मार्गदर्शन और जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रीमती रेनू बाला के नेतृत्व में गांव गुड़ियानी में सेवा सेतु कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें पात्र परिवारों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रीमती रेनू बाला ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव गुड़ियानी में आयोजित सेवा सेतु शिविर में पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेज और संबंधित विभागीय सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी उपलब्ध कराई गई। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में सोमवार को गांव कमालपुर में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया जाएगा।
श्रीमती रेनू बाला ने आगे बताया कि जिला प्रशासन की ओर से सेवा सेतु कैंपों को नागरिक सुविधा का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनाया जा रहा है। इन कैंपों के माध्यम से यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि आम जनता को सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं से संबंधित कार्यों के लिए दूर-दराज स्थित कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही आवश्यक मार्गदर्शन एवं सुविधाएं प्राप्त हो सकें।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सरकार का मुख्य उद्देश्य योजनाओं एवं सेवाओं की पहुंच को और अधिक सुगम बनाना तथा पात्र नागरिकों को उनके अधिकारों व उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक करना है। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे आयोजित होने वाले सेवा सेतु कैंपों में बढ़-चढ़कर पहुंचें, विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त करें और अपनी पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ लेने हेतु आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें।
