Delhi Crime: कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क में नाबालिग से दरिंदगी, खुद को पुलिस बताकर 3 ने किया गैंगरेप, मुठभेड़ में एक दबोचा
नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर महिला सुरक्षा के दावों को ठेंगा दिखाते हुए शर्मसार हुई है। बिहार के जमुई में हुई दरिंदगी की गूंज अभी शांत भी नहीं हुई थी कि दिल्ली के हाई-प्रोफाइल कालकाजी मंदिर इलाके के पास एक 17 साल की नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। इस मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए दिल्ली पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई की और मंगलवार तड़के एक मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी को दबोच लिया है।
'खाकी' का खौफ दिखाकर जाल में फंसाया
यह दिल दहला देने वाली वारदात सोमवार शाम करीब 7:30 बजे की है। दक्षिणी दिल्ली की रहने वाली पीड़ित किशोरी कालकाजी मंदिर में दर्शन करने के बाद अपने एक दोस्त के साथ पास ही मौजूद आस्था कुंज पार्क में बैठी हुई थी,। इसी दौरान तीन अज्ञात युवक वहां पहुंचे और उन्होंने दोनों को घेर लिया। आरोपियों ने खुद को दिल्ली पुलिस का कर्मचारी बताया और पार्क में बैठने के जुर्म में कानूनी कार्रवाई व जेल भेजने की धमकी दी। पुलिस के नाम से डरे-सहमे दोनों दोस्त कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बदमाशों ने अपना असली रंग दिखा दिया।
दोस्त को बंधक बनाकर की दरिंदगी
किशोरी का आरोप है कि 'खाकी' का डर दिखाकर एक आरोपी ने उसके दोस्त को जबरन दबोच लिया और उसका मुंह बंद कर दिया। इसके बाद बाकी के दो आरोपियों ने असहाय नाबालिग के साथ बारी-बारी से डिजिटल और शारीरिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की वारदात को अंजाम दिया। इस खौफनाक मंजर के बाद तीनों आरोपी पीड़िता को बदहवास हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। किसी तरह पार्क से बाहर निकलकर रात करीब 8:45 बजे पुलिस को इस घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद कालकाजी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा।
सुबह तड़के एनकाउंटर, आरोपी आसिफ के पैर में लगी गोली
मामले की गंभीरता और वीआईपी इलाके से जुड़े होने के कारण दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीमों ने तुरंत तफ्तीश शुरू की। सर्विलांस और खुफिया सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की घेराबंदी की। मंगलवार सुबह जब पुलिस की टीम ने एक संदेहास्पद ठिकाने पर दबिश दी, तो मुख्य आरोपी ने भागने की कोशिश में पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस मुठभेड़ (एनकाउंटर) के बाद मुख्य आरोपी आसिफ को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया,। फिलहाल पुलिस की टीमें आस्था कुंज पार्क के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं और वारदात में शामिल बाकी दो आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही हैं।
