राजस्थान के इन गांवों में जल्द लगेंगी स्ट्रीट लाइटें, पंचायती राज मंत्री ने दिए निर्देश
जयपुर। पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था जल्द स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को अपने निवास पर विभागीय अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने गांवों में रात्रिकालीन आवागमन को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए स्ट्रीट लाइट लगाने का काम प्राथमिकता से चरणबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा।
मंत्री ने प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्य बस्तियों और प्रमुख मार्गों के साथ बाजार, बस स्टैंड, पंचायत भवन, विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र और स्वास्थ्य केंद्र जैसे सार्वजनिक स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कमजोर वर्गों की बस्तियों को प्राथमिकता
बैठक में कच्ची बस्तियों के साथ कमजोर वर्गों तथा अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग की बस्तियों में स्ट्रीट लाइट लगाने को प्राथमिकता देने के लिए कहा गया। विभागीय स्तर पर इन क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बिजली नहीं होने पर सोलर लाइट
जहां विद्युत व्यवस्था उपलब्ध नहीं है या नियमित बिजली आपूर्ति संभव नहीं है, वहां आवश्यकता के अनुसार सौर ऊर्जा आधारित स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
मंत्री ने स्ट्रीट लाइट से जुड़े कार्यों में स्वीकृति से लेकर जियो-टैगिंग, फोटो अपलोड और ऑनलाइन मॉनिटरिंग की प्रक्रिया ई-पंचायत पोर्टल के माध्यम से करने को कहा है। इसका उद्देश्य पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन और पारदर्शी तरीके से संचालित करना है।
जिला और राज्य स्तर पर होगी समीक्षा
दिलावर ने अधिकारियों से कहा कि योजना के क्रियान्वयन में शिथिलता नहीं बरती जाए। उन्होंने जिला और राज्य स्तर पर कार्यों की नियमित समीक्षा करने तथा निर्धारित समयावधि में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।
