कबड्डी टूर्नामेंट से लौट रहे खिलाड़ियों को रास्ते में घेरकर लूटपाट करने के मामले में थाना सदर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वारदात 2 अक्टूबर 2026 को किला नौ रोड पर नहर के पास हुई थी। पुलिस के अनुसार, वारदात में शामिल तीन अन्य आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें कार्रवाई कर रही हैं।

पुलिस के मुताबिक गांव सुखनवाला में आयोजित कबड्डी टूर्नामेंट से लौट रहे खिलाड़ियों को चार युवकों ने रास्ते में रोक लिया था। आरोपियों ने तेजधार हथियारों से खिलाड़ियों पर हमला किया और उनकी किट छीन ली। किट में करीब 4 हजार रुपये की नकदी और मोबाइल फोन रखे हुए थे।

यह भी पढ़ें -झज्जर में नहर से मिले लिव-इन कपल के शव, दोस्तों पर हत्या का शक

वारदात में कबड्डी खिलाड़ी पिंदर सिंह निवासी गांव माड़ी मुस्तफा, जिला मोगा घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल फरीदकोट में भर्ती कराया गया था।

सीसीटीवी और तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

पिंदर सिंह के बयान के आधार पर थाना सदर पुलिस ने चार अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी जांच के जरिए आरोपियों की पहचान करने का प्रयास शुरू किया।

जांच के दौरान पुलिस ने गांव मचाकी कलां निवासी विक्की सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उससे पूछताछ के आधार पर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें -सिंगापुर में निवेश को लेकर कंपनियों से मिले CM सैनी, डेटा सेंटर और रक्षा क्षेत्र पर चर्चा

तीन अन्य आरोपियों की पहचान

डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि पुलिस जांच में वारदात में शामिल बाकी तीन आरोपियों की भी पहचान हो चुकी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें कार्रवाई कर रही हैं। पुलिस के अनुसार, तीनों को भी जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।