हिसार। हरियाणा में उमस और सुस्त पड़े मानसून से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर सामने आई है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU), हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने नया मौसम बुलेटिन जारी करते हुए प्रदेश में 2 अगस्त से मौसम में बड़ा बदलाव होने का अनुमान जताया है। विभाग के अनुसार, 2 से 5 अगस्त के दौरान सूबे के ज्यादातर हिस्सों में मानसून पूरी रफ्तार से बरसेगा और भारी बारिश हो सकती है।
कृषि मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार वर्तमान में मानसूनी ट्रफ रेखा राजस्थान और बंगाल की खाड़ी के क्षेत्र में सक्रिय होने के कारण हरियाणा में मानसूनी हवाएं कमजोर पड़ी हुई हैं। यही वजह है कि 1 अगस्त तक प्रदेश में केवल रुक-रुक कर हल्की से मध्यम फुहारें ही देखने को मिलेंगी। हालांकि 1 अगस्त की रात से हवा का रुख बदलते ही ओडिशा, बिहार और उत्तर प्रदेश के रास्ते आद्र मानसूनी हवाएं हरियाणा की तरफ रुख करेंगी।
हवा की दिशा बदलते ही 2 अगस्त से हिसार, जींद, रोहतक, अंबाला, कुरुक्षेत्र और गुरुग्राम समेत ज्यादातर जिलों में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो जाएगा। मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बारिश की संभावना को देखते हुए किसानों को विशेष सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि किसान फसलों में सिंचाई और कीटनाशक छिड़काव का काम मौसम के ताजा पूर्वानुमान को ध्यान में रखकर ही करें।

