चंडीगढ़, Virat Bharat News। हरियाणा में अगर आप भी इलेक्ट्रिक गाड़ी खरीदने का मन बना रहे हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। राज्य सरकार जल्द ही प्रदेश में नई इलेक्ट्रिक व्हीकल नीति (EV Policy) लागू करने जा रही है। आपको बता दें की मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने खुद इसकी जानकारी देते हुए बताया कि आने वाली कैबिनेट बैठक में इस नई नीति को मंजूरी दे दी जाएगी।
एनसीआर और हाईवे पर सबसे पहले दिखेगा असर
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि एनसीआर (NCR) के बड़े शहरों और कर्नाल नेशनल हाईवे पर सबसे पहले ईवी चार्जिंग स्टेशनों का जाल बिछाया जाए।
सरकार की कोशिश है कि दिल्ली से चंडीगढ़ के बीच सफर करने वाले लोगों को रास्ते में अपनी गाड़ियां या बसें चार्ज करने में कोई परेशानी न आए।
शहरों में चलेंगी इलेक्ट्रिक बसें, पॉल्यूशन पर भी सख्ती
जानकारी के अनुसार नई नीति के तहत शहरों में बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए सरकारी बस बेड़े में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही सरकार गाड़ियों से होने वाले धुएं को लेकर भी सख्त रुख अपना रही है।
राज्य में बिना पॉल्यूशन सर्टिफिकेट (PUCC) के गाड़ियों को पेट्रोल-डीजल न देने वाले ‘No PUCC, No Fuel’ नियम को अब कड़ाई से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री श्री सैनी ने कहा की आज के समय में पर्यावरण को बचाना सबसे जरूरी काम है। सरकार का मकसद है कि हरियाणा का हर नागरिक आसानी से और बिना किसी झंझट के इलेक्ट्रिक वाहनों को अपना सके।
