नूंह जिले में 3 अगस्त को सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे। जिला शिक्षा अधिकारी ने इसका आदेश जारी कर दिया है। यह फ़ैसला उसी दिन होने वाली ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा को देखते हुए लिया गया है। उपायुक्त अखिल पिलानी के निर्देश पर यह आदेश निकाला गया है।
प्रशासन के मुताबिक, यात्रा के दिन जिले के कई रास्तों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहेगी। कई प्रमुख मार्गों पर यातायात पर रोक और डायवर्जन भी लागू रहेगा। ऐसे में बच्चों, शिक्षकों और स्कूल वाहनों को दिक्कत या किसी सुरक्षा जोखिम से बचाने के लिए स्कूल बंद रखने का फ़ैसला हुआ।

सभी स्कूल संचालकों को सख़्त निर्देश
जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी सरकारी और निजी स्कूलों के संचालकों को आदेश का कड़ाई से पालन करने को कहा है।
आदेश में साफ़ है कि 3 अगस्त को जिले का कोई भी स्कूल, चाहे वह सरकारी हो या प्राइवेट, नहीं खुलेगा।
पिछले साल भी बंद रहे थे स्कूल
यह पहली बार नहीं है। पिछले साल भी यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात को देखते हुए प्रशासन ने स्कूलों में छुट्टी घोषित की थी।
इस बार भी यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए प्रशासन ने पहले से पूरे इंतज़ाम कर लिए हैं।
800 पुलिसकर्मी तैनात, चप्पे-चप्पे पर नज़र
यात्रा के लिए जिले में सात पुलिस कंपनियां और करीब 800 पुलिसकर्मी तैनात किए जा रहे हैं।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे यातायात एडवाइजरी का पालन करें। ज़रूरत हो तभी यात्रा वाले रास्तों पर निकलें।




