विराट भारत न्यूज़ ब्यूरो, रेवाड़ी: रेवाड़ी जिला मुख्यालय स्थित नागरिक अस्पताल परिसर में बने दशकों पुराने सिविल सर्जन (सिविल सर्जन/सीएमओ) कार्यालय भवन को जल्द ही पूरी तरह से ध्वस्त कर नए सिरे से बहुमंजिला और आधुनिक भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके चलते सिविल सर्जन कार्यालय के अंतर्गत आने वाले विभिन्न प्रशासनिक और तकनीकी अनुभागों (Sections) को नागरिक अस्पताल परिसर की ही अन्य खाली और उपलब्ध इमारतों में अस्थायी रूप से स्थानांतरित (Shift) किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों के अनुसार शिफ्टिंग की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से शुरू कर दी गई है ताकि दैनिक प्रशासनिक कामकाज और आम जनता को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
किन भवनों में चलेंगे कौन-से विभाग?
नए भवन के निर्माण कार्य की अवधि तक स्वास्थ्य विभाग का कामकाज सुचारू रूप से चलाने के लिए अस्पताल परिसर के भीतर ही वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। इनमे सिविल सर्जन (CMO) व उप-सिविल सर्जन कार्यालय को और इनके मुख्य प्रशासनिक अधिकारियों के कमरों को ट्रॉमा सेंटर और पुराने टीबी वार्ड के पास खाली पड़ी जगह में शिफ्ट करने की योजना है।
अकाउंट्स व एनएचएम (NHM) शाखा जिसमे राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से जुड़े अनुभागों और क्लर्क रूम को अस्पताल के ऊपरी तलों पर उपलब्ध कमरों में अस्थायी स्थान दिया गया है। इसके अलावा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र व दिव्यांगता बोर्ड को जो की आम जनता से सीधे जुड़े होते है और इन महत्वपूर्ण विभागों को भूतल (Ground Floor) पर ही रखा जा रहा है ताकि दिव्यांगजनों,वरिष्ठ नागरिकों को किसी तरह की असुविधा न हो।
क्यों पड़ी नए भवन के निर्माण की आवश्यकता?
मौजूदा सिविल सर्जन कार्यालय का भवन काफी पुराना और जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पहुँच चुका था। बरसात के दिनों में छतों से पानी टपकने और सीपेज के कारण महत्वपूर्ण फाइलों और कंप्यूटर सेट-अप के खराब होने का खतरा बना रहता था।
इसके अलावा कर्मचारियों और आने-जाने वाले फरियादियों के बैठने के लिए पर्याप्त स्थान नहीं था। नए आधुनिक भवन में लिफ्ट, कॉन्फ्रेंस हॉल, आधुनिक रिकॉर्ड रूम और बेहतर पार्किंग सुविधा विकसित की जाएगी।
