ताज़ा खबरें

जंतर-मंतर हिंसा मामला: दलित बुजुर्ग का सिर फोड़ने और सोशल मीडिया पर डींगें हांकने वाला राइट-विंग इन्फ्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज यूपी से गिरफ्तार

दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान दलित बुजुर्ग संजय कुमार का सिर फोड़ने वाले राइट-विंग इन्फ्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने यूपी से गिरफ्तार कर लिया है। एक पॉडकास्ट में हमले की डींगें हांकने का वीडियो वायरल होने और राहुल गांधी व चंद्रशेखर आजाद के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने यह बड़ी कार्रवाई की है। केस में SC/ST एक्ट जोड़ा गया है।

नई दिल्ली: कानून के हाथ लंबे होते हैं और गुनाहगार चाहे खुद को कितना भी रसूखदार समझ ले, वह सलाखों के पीछे जाने से नहीं बच सकता। दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए एक प्रदर्शन के दौरान छात्रा और सामाजिक कार्यकर्ता निशु आजाद के पिता पर जानलेवा हमला करने वाले दक्षिणपंथी (Right-Wing) इन्फ्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने उत्तर प्रदेश से हिरासत में ले लिया है.

यह मामला तब और गरमा गया जब आरोपी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वह सरेआम एक पॉडकास्ट में पीड़ित का सिर फोड़ने की बात कबूल करते हुए शेखी बघार रहा था. इस गिरफ्तारी के बाद दिल्ली की सियासत में भी उबाल आ गया है.

यह पूरी घटना जुलाई महीने में दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के एक विरोध प्रदर्शन के दौरान घटित हुई थी. आरोप है कि प्रदर्शन के बीच स्वतंत्र भारद्वाज ने छात्रा निशु आजाद के 38 वर्षीय पिता संजय कुमार पर अचानक हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं. इसके बाद पीड़ित पक्ष की ओर से दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया था.

यह भी पढ़ें -Urea Crisis: गोदामों में खाद फुल, फिर भी कतारों में किसान! जानें क्या है असली वजह

इस मामले ने गुरुवार को तब गंभीर रूप ले लिया जब स्वतंत्र भारद्वाज का एक इंटरव्यू क्लिप वायरल हो गया. खुद को ‘कट्टर हिंदू’ बताने वाले भारद्वाज ने इस वीडियो में बेहद असंवेदनशील तरीके से दावा किया कि उसने संजय कुमार का सिर फोड़ दिया था और उन्हें 60 टांके आए थे. वीडियो में वह यह भी कहता दिखा कि इतनी बड़ी वारदात करने के बाद भी दिल्ली पुलिस ने उसे जेल नहीं भेजा और वह रात भर खुलेआम घूमता रहा.

नेताओं के नाम का दुरुपयोग और सियासी घमासान

वायरल वीडियो में आरोपी ने खुद को भाजपा नेता कपिल मिश्रा और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का संरक्षण प्राप्त होने की बात भी कही थी. हालांकि, विवाद बढ़ते ही केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने अपने नाम का गलत इस्तेमाल करने के आरोप में स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी. दूसरी तरफ, इस मामले को लेकर विपक्ष ने सरकार और दिल्ली पुलिस को चौतरफा घेरना शुरू कर दिया.

यह भी पढ़ें -Gujarat Lion Attack: 30 मिनट तक सीने पर बैठी रही भूखी शेरनी, शख्स ने जो किया उसे देख कांप जाएगी रूह

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पीड़ित छात्रा निशु आजाद का एक वीडियो साझा करते हुए सीधे केंद्र सरकार पर निशाना साधा. राहुल गांधी ने लिखा कि अमित शाह की दिल्ली पुलिस एक तरफ छात्रों पर बर्बरता करती है तो दूसरी तरफ एक दलित व्यक्ति का सिर फोड़ने वाला अपराधी खुलेआम घूम रहा है. उन्होंने निशु को भरोसा दिलाते हुए लिखा की निशु, घबराने की जरूरत नहीं है, मैं तुम्हारे साथ हूँ।

थाने पहुंचे सांसद और सख्त धाराओं की मांग

मामला तूल पकड़ते ही शुक्रवार को आज़ाद समाज पार्टी के सांसद चंद्रशेखर आज़ाद, कांग्रेस समर्थित निर्दलीय सांसद पप्पू यादव, सीजेपी के सह-संयोजक सौरव दास और आशुतोष रंका समेत भारी संख्या में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पहुंच गए और आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया. चौतरफा दबाव के बीच हरकत में आई दिल्ली पुलिस ने उत्तर प्रदेश में दबिश देकर स्वतंत्र भारद्वाज को धर दबोचा.

दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक चूंकि पीड़ित परिवार दलित समुदाय से संबंध रखता है इसलिए इस मामले की एफआईआर (FIR) में अब सख्त SC/ST (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी जा रही हैं. इसके अलावा आरोपी पर हत्या के प्रयास (धारा 307) जैसी संगीन धाराएं लगाने के लिए पुलिस डॉक्टरों से पीड़ित की मेडिकल रिपोर्ट और चोटों की गंभीरता पर कानूनी सलाह ले रही है.

यह भी पढ़ें -NALSAR 2026 Batch: 24 घंटे में कैसे बदला BCI का रुख? बैन से लेकर क्लीन चिट तक की पूरी कहानी

Priyanshi Rao

प्रियांशी यादव 'विराट भारत न्यूज़' में वरिष्ठ राजनीति एवं अंतरराष्ट्रीय मामलों की विश्लेषक हैं। वे राष्ट्रीय राजनीति, चुनावी रणनीतियों, संसदीय कार्यवाहियों और वैश्विक कूटनीति पर पैनी नज़र रखती हैं। उनके विश्लेषणात्मक लेख पाठकों को जटिल राजनीतिक और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों की सरल समझ प्रदान करते हैं।

Related Articles

Home News App Stories WhatsApp