सोमवार, 24 अगस्त 2026

सोनीपत में भीषण सड़क हादसे ने छीनी दो घरों के चिरागों की जिंदगी, गुरुग्राम की प्राइवेट कंपनी में एक साथ करते थे काम

Written by: Vipin Zaildar

Published:

30 जून को गुरुग्राम से कार में सवार होकर मनाली घूमने गए थे 5 दोस्त। शनिवार सुबह करीब 6 बजे गन्नौर के गढ़ी कला गांव के पास कार का एक्सीडेंट हुआ। हादसे में उत्तर प्रदेश के सागर (25 वर्ष) और महाराष्ट्र के आर्यन (28 वर्ष) की मौत। अश्विन, दनजीत और अभिनव गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में इलाज जारी।


गन्नौर/सोनीपत (क्राइम डेस्क): शनिवार की सुबह करीब 6 बजे जीटी रोड स्थित गांव गढ़ी कला के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। मनाली से छुट्टियां बिताकर वापस गुरुग्राम लौट रहे 5 दोस्तों की कार को एक अज्ञात वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में गाड़ी के भीतर बैठे 2 दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई।

छुट्टियां बिताकर वापस गुरुग्राम लौट रहे थे सभी दोस्त

विराट भारत के मुख्य संवाददाता की ग्राउंड रिपोर्ट के अनुसार ये 5 दोस्त गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में साथ काम करते थे। वे सभी छुट्टियां बिताने का प्लान बनाकर बीती 30 जून को कार लेकर मनाली के लिए निकले थे। पहाड़ों में समय बिताने के बाद वे शुक्रवार को मनाली से वापस गुरुग्राम अपने काम पर लौटने के लिए निकले। लेकिन शनिवार की सुबह जैसे ही उनकी कार सोनीपत के गन्नौर क्षेत्र में हाईवे पर पहुंची, वह एक अज्ञात वाहन का शिकार हो गई।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 25 वर्षीय सागर (निवासी बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश) और 28 वर्षीय आर्यन (निवासी महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। वहीं कार में सवार 3 अन्य दोस्त अश्विन, दनजीत और अभिनव गंभीर रूप से घायल हो गए और गाड़ी के भीतर ही फंस गए।

सुबह-सुबह हाईवे पर हुआ हादसा, राहगीर बने मददगार

सुबह के वक्त हाईवे पर जब यह टक्कर हुई तो आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े। राहगीरों ने बिना वक्त गंवाए गन्नौर थाना पुलिस को सूचना दी और कार के दरवाजों को खोलकर घायलों को बाहर निकाला।
मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी पीएसआई बिट्टू ने बताया कि पुलिस टीम ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाई और तीनों घायल युवकों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।

अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

हादसे की खबर मिलते ही मृतकों और घायलों के परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने बुलंदशहर से पहुंचे सागर के परिजनों की मौजूदगी में शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया है।
वहीं, महाराष्ट्र से आ रहे आर्यन के माता-पिता के पहुंचने के बाद रविवार सुबह उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगा। गन्नौर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और हाईवे पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल कर आरोपी गाड़ी की तलाश शुरू कर दी है।
Vipin Zaildar
लेखक के बारे में Vipin Zaildar

विपिन जैलदार 'विराट भारत न्यूज़' के मुख्य विशेष संवाददाता हैं। वे खोजी पत्रकारिता (Investigative Journalism), अपराध जगत (Crime Reporting), SOG एवं STF की विशेष कार्रवाइयों और हरियाणा व राजस्थान के क्षेत्रीय एवं जमीनी मुद्दों को गहराई से कवर करने में माहिर हैं। वे अपनी निडर और निष्पक्ष रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं। View all posts by Vipin Zaildar →

संबंधित खबरें

Join Us