Haryana News: जिले की मंडियों में धान खरीद का काम जारी है। 5 अक्टूबर की देर शाम तक खाद्य आपूर्ति विभाग और हैफेड ने मिलकर 1,22,143 क्विंटल धान की खरीद पूरी कर ली। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने अधिकारियों को खरीद के साथ-साथ धान के उठान में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उठान में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिले में इस सीजन के लिए 22 खरीद केंद्र और मंडियां स्थापित की गई हैं। यहां खाद्य आपूर्ति विभाग और हैफेड की ओर से धान की खरीद की जा रही है। खरीद का काम 29 सितंबर से शुरू हुआ था।
यह भी पढ़ें -नई दिल्ली से कटरा के लिए 8 से 11 अक्टूबर तक चलेगी स्पेशल ट्रेन, हरियाणा के इन स्टेशनों पर ठहराव
खरीदे गए कुल धान में खाद्य आपूर्ति विभाग की हिस्सेदारी 92,939 क्विंटल और हैफेड की 29,204 क्विंटल है।
थानेसर और शाहबाद मंडियों में सबसे ज्यादा खरीद
खाद्य आपूर्ति विभाग ने थानेसर मंडी से 20,367 क्विंटल, शाहबाद मंडी से 23,536 क्विंटल और लाडवा मंडी से 14,172 क्विंटल धान खरीदा है। पिहोवा मंडी से 9,574 और पिपली मंडी से 8,641 क्विंटल धान की खरीद हुई।
इसी तरह हैफेड ने कुरुक्षेत्र मंडी से 7,128 क्विंटल, शाहबाद मंडी से 6,071 क्विंटल, पिहोवा मंडी से 5,340 क्विंटल और लाडवा मंडी से 4,390 क्विंटल धान खरीदा है।
यह भी पढ़ें -22 अक्टूबर से शुरू होगा ‘खेत बचाओ अभियान’, कृषि योजनाओं की हर महीने होगी समीक्षा
उठान पर प्रशासन का फोकस
उपायुक्त ने खरीद एजेंसियों को धान के उठान का काम लगातार जारी रखने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को कहा गया है कि मंडियों में धान जमा न हो और किसानों व व्यापारियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मंडी परिसरों में किसानों की सुविधा के लिए बिजली, पानी, सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें -हरियाणा में BPL-AAY परिवारों को अब 500 एमएल और एक लीटर पैक में मिलेगा सरसों तेल
किसानों से साफ और सूखा धान लाने की अपील
प्रशासन ने किसानों से धान को अच्छी तरह सुखाकर और साफ करके मंडी में लाने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार इससे खरीद प्रक्रिया में समय की बचत होगी और धान का उठान भी तेजी से किया जा सकेगा।
उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन ने किसानों की फसल की खरीद के लिए आवश्यक व्यवस्था की है। खरीद प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने के लिए अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।







