भारतीय सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे नूंह जिले के 23 युवाओं ने भर्ती प्रक्रिया के लिखित, शारीरिक और चिकित्सीय चरण सफलतापूर्वक पूरे कर लिए हैं। अब इन अभ्यर्थियों को अंतिम मेरिट सूची जारी होने का इंतजार है। युवाओं को सेना भर्ती के लिए तैयार करने वाली इस परियोजना के लिए नीति आयोग ने 25.90 लाख रुपये की मंजूरी दी है।

मेवात विकास अभिकरण (एमडीए) की ओर से संचालित इस परियोजना में युवाओं को लिखित परीक्षा के साथ शारीरिक दक्षता और मेडिकल जांच के लिए भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। परियोजना के तहत गुरुग्राम की ओलिव हेरिटेज फाउंडेशन को प्रशिक्षण की जिम्मेदारी दी गई है। प्रशिक्षण की अवधि छह महीने रखी गई है।

यह भी पढ़ें -नूंह में सेवा सेतु कैंप: साकरस में 502 और रोजका मेव में 145 आवेदन, मौके पर निपटाई गईं शिकायतें

49 अभ्यर्थी भर्ती परीक्षा में शामिल हुए

परियोजना के तहत अब तक दो बैच आयोजित किए गए हैं। पहले बैच में 94 युवाओं ने नामांकन कराया, जिनमें 49 ने प्रशिक्षण में भाग लिया। दूसरे बैच में 121 युवाओं ने नामांकन कराया और 70 युवाओं ने प्रशिक्षण लिया।

प्रशिक्षण के बाद पहले बैच के 49 अभ्यर्थी भर्ती परीक्षा में शामिल हुए। इनमें 27 अभ्यर्थियों ने लिखित परीक्षा पास की और इसके बाद शारीरिक परीक्षा में भी सफल रहे। इनमें से 23 अभ्यर्थियों ने चिकित्सीय परीक्षा भी पूरी कर ली है।

इन 23 अभ्यर्थियों में फरहान खान, दिलशाद, सज्जन, मोहम्मद आदिलशान, साहिल, शाहजहां, जैद खान, मोमिन, विकास, अफजल खालिद, सलमान, सोहैल, साजिद शकील, अनवर, मोहम्मद जैद, नावेद, मोहम्मद नाजिस, वारिस खान, सुल्तान, आदिल नूरा, शाह आलम, नौशाद और अकीब शामिल हैं।

यह भी पढ़ें -कुरुक्षेत्र में धान खरीद का आंकड़ा 1.22 लाख क्विंटल के पार, उठान में लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश

लिखित परीक्षा के साथ फिटनेस पर फोकस

प्रशिक्षण में सेना भर्ती परीक्षा के लिए गणित, अंग्रेजी, विज्ञान और तर्कशक्ति जैसे विषयों की तैयारी कराई गई। इसके साथ अभ्यर्थियों की शारीरिक क्षमता बढ़ाने के लिए नियमित दौड़, सहनशक्ति और ताकत से जुड़े अभ्यास कराए गए।

प्रशिक्षण में लंबी दूरी की दौड़, तेज दौड़, बीम पुल-अप, लंबी कूद और जिग-जैग बैलेंस बीम जैसी गतिविधियों का अभ्यास भी कराया गया।

यह भी पढ़ें -ब्राह्मण माजरा विवाद में ग्रामीणों का प्रदर्शन, एसपी कार्यालय में पुलिस से नोकझोंक

मेडिकल जांच के लिए भी मार्गदर्शन

अभ्यर्थियों को चिकित्सीय परीक्षा से संबंधित जरूरी जानकारी और परामर्श भी दिया गया। प्रारंभिक मेडिकल जांच में जिन अभ्यर्थियों के सामने कुछ टिप्पणियां आईं, उन्हें उन्हें दूर करने के लिए आवश्यक सलाह दी गई।

उपलब्ध जानकारी के अनुसार प्रारंभिक चिकित्सीय जांच में टिप्पणी वाले 13 अभ्यर्थियों में से 8 अंतिम चिकित्सीय परीक्षा में सफल रहे।

दूसरे बैच में बढ़ा युवाओं का रुझान

एमडीए के अनुसार पहले बैच के परिणामों से युवाओं में सेना भर्ती की तैयारी को लेकर विश्वास बढ़ा। इसका असर दूसरे बैच के नामांकन और प्रशिक्षण में भागीदारी पर भी दिखाई दिया। दूसरे बैच में नामांकन में 28 प्रतिशत और प्रशिक्षण में भागीदारी में 22 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

उपायुक्त एवं सीईओ, मेवात विकास अभिकरण अखिल पिलानी ने भर्ती प्रक्रिया के सभी चरण पूरे करने वाले 23 अभ्यर्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इन युवाओं की उपलब्धि जिले के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का काम करेगी।

पिलानी के अनुसार एमडीए की ओर से भारतीय सेना के साथ-साथ विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के अवसरों के लिए युवाओं को मार्गदर्शन और प्रशिक्षण देने के प्रयास किए जा रहे हैं। परियोजना के तहत युवाओं को नियमित प्रशिक्षण, शैक्षणिक तैयारी, शारीरिक दक्षता और मेडिकल संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।