नूंह (हरियाणा): जिले के साकरस और रोजका मेव में सेवा संकल्प अभियान के तहत लगाए गए सेवा सेतु कैंपों में सरकारी योजनाओं और सेवाओं से जुड़े कुल 647 आवेदन प्राप्त हुए। साकरस में आए 502 आवेदनों में से 308 को प्रोसेस किया गया, जबकि 66 पात्र लाभार्थियों को मौके पर योजनाओं का लाभ दिया गया। रोजका मेव में मिले सभी 145 आवेदनों को प्रोसेस किया गया।
साकरस के कैंप में लोगों की शिकायतों के समाधान पर भी काम किया गया। यहां विभिन्न विभागों से संबंधित 128 शिकायतों का निपटारा किया गया। कैंप में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग को 138 आवेदन मिले। इनमें 47 पात्र लाभार्थियों को लाभ दिया गया और 91 शिकायतों का समाधान किया गया।
यह भी पढ़ें -नूंह के 23 युवाओं ने पूरी की सेना भर्ती की प्रक्रिया, मेरिट सूची का इंतजार
पशुपालन विभाग के पास पहुंचे सबसे ज्यादा आवेदन
साकरस में सबसे अधिक 281 आवेदन पशुपालन एवं डेयरी विभाग को मिले और सभी को प्रोसेस किया गया। सिटीजन रिसोर्स इन्फॉर्मेशन विभाग के पास 62 आवेदन पहुंचे। इनमें 10 आवेदन प्रोसेस किए गए, 19 लाभार्थियों को लाभ मिला और 33 शिकायतों का समाधान हुआ।
इसके अलावा विकास एवं पंचायत विभाग और हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड को पांच-पांच आवेदन मिले। हरियाणा पिछड़ा वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग निगम के पास भी पांच आवेदन पहुंचे और सभी को प्रोसेस किया गया। यूआईडीएआई को तीन, स्वास्थ्य सेवा विभाग, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग और बैंक को एक-एक आवेदन मिला।
रोजका मेव में आए सभी 145 आवेदन प्रोसेस
खंड इंडरी के रोजका मेव में आयोजित कैंप में 145 आवेदन आए और सभी को प्रोसेस किया गया। इनमें अकेले पशुपालन एवं डेयरी विभाग से संबंधित 139 आवेदन थे।
यह भी पढ़ें -कुरुक्षेत्र में धान खरीद का आंकड़ा 1.22 लाख क्विंटल के पार, उठान में लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश
हरियाणा पिछड़ा वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग निगम के दो आवेदन मिले। हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड के हर-हित रिटेल स्टोर से संबंधित एक और हरियाणा डेयरी विकास सहकारी प्रसंघ लिमिटेड से जुड़े तीन आवेदन प्राप्त हुए।
एक जगह आवेदन से लेकर पंजीकरण तक की सुविधा
जिला परिषद चेयरमैन जान मोहम्मद ने कहा कि सेवा सेतु कैंपों के जरिए लोगों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों में जाने के बजाय एक ही स्थान पर योजनाओं की जानकारी, पात्रता, आवेदन और पंजीकरण की सुविधा दी जा रही है।
यह भी पढ़ें -ब्राह्मण माजरा विवाद में ग्रामीणों का प्रदर्शन, एसपी कार्यालय में पुलिस से नोकझोंक
उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत विभाग गांव स्तर पर पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का काम कर रहे हैं। इसमें मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है।
दोनों कैंपों में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, पशुपालन एवं डेयरी, स्वास्थ्य सेवा, विकास एवं पंचायत, कृषि एवं किसान कल्याण समेत विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों को योजनाओं के लिए जरूरी दस्तावेज, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी तथा संबंधित मामलों में मौके पर कार्रवाई की।







