हरियाणा

Haryana ITI Admission 2026: सैनिक परिवारों के लिए स्टेनोग्राफी कोर्स, 15 जुलाई तक करें आवेदन

Haryana ITI Admission 2026: हरियाणा सरकार ने भूतपूर्व सैनिकों, सेवारत सैनिकों, युद्ध विधवाओं तथा भूतपूर्व और सेवारत अर्द्धसैनिक बलों के आश्रितों के लिए रोजगार से जुड़ा एक विशेष प्रशिक्षण अवसर उपलब्ध कराया है। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) में सत्र 2026-27 के लिए स्टेनोग्राफी हिन्दी (NCVT) का एक वर्षीय डिप्लोमा कोर्स शुरू किया गया है। यह कोर्स श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार से मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण कार्यक्रम है।

सैनिक परिवारों को पहले मिलेगा प्रवेश

सरकारी प्रवक्ता के अनुसार इस कोर्स का उद्देश्य सैनिक और अर्द्धसैनिक परिवारों के युवाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण देकर सरकारी और निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। प्रवेश प्रक्रिया में सबसे पहले हरियाणा के भूतपूर्व सैनिकों, सेवारत सैनिकों, युद्ध विधवाओं तथा भूतपूर्व और सेवारत अर्द्धसैनिक बलों के आश्रितों को प्राथमिकता दी जाएगी।

यदि निर्धारित सीटें खाली रह जाती हैं तो सामान्य श्रेणी के पात्र गैर-सैनिक परिवारों के अभ्यर्थियों को भी ऑनलाइन आवेदन और प्रवेश का अवसर मिलेगा।

कौन कर सकता है आवेदन

इस एक वर्षीय स्टेनोग्राफी हिन्दी (सहशिक्षा) कोर्स में आवेदन के लिए अभ्यर्थी का 10वीं पास होना अनिवार्य है। न्यूनतम आयु 14 वर्ष निर्धारित की गई है। सत्र 2026-27 में इस ट्रेड के लिए 24 सीटें उपलब्ध हैं।

प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे सरकारी विभागों, न्यायालयों, बोर्डों, निगमों, सार्वजनिक उपक्रमों और निजी संस्थानों में स्टेनोग्राफर, कार्यालय सहायक तथा अन्य प्रशासनिक पदों के लिए तैयारी कर सकें।

आवेदन की अंतिम तिथि 15 जुलाई

प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी https://admissions.itiharyana.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन जमा करने और पसंदीदा ट्रेड व संस्थान का विकल्प भरने की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि समय सीमा समाप्त होने के बाद आवेदन या विकल्प भरने का कोई अवसर नहीं दिया जाएगा। इसलिए पात्र अभ्यर्थियों को अंतिम दिन का इंतजार किए बिना आवेदन पूरा करने की सलाह दी गई है।

आवेदन से पहले यह जानकारी जरूर देखें

विभाग ने अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले वेबसाइट पर उपलब्ध प्रॉस्पेक्टस ध्यान से पढ़ने की सलाह दी है। इसमें पात्रता, आरक्षण, आवश्यक दस्तावेज, प्रवेश प्रक्रिया और काउंसलिंग से जुड़े सभी नियम दिए गए हैं। आवेदन करते समय सभी जरूरी दस्तावेज निर्धारित प्रारूप में अपलोड करना भी अनिवार्य होगा।

अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी हरियाणा ITI प्रवेश पोर्टल https://admissions.itiharyana.gov.in तथा कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग, हरियाणा की आधिकारिक वेबसाइट https://itiharyana.gov.in पर उपलब्ध विवरण देख सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button