Haryana Weather Update: हरियाणा में शुक्रवार दोपहर मौसम ने अचानक पलटी मारी और देखते ही देखते कई जिलों में दिन में ही अंधेरा छा गया। दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी इलाकों में घने बादलों की आवाजाही के बीच चरखी दादरी और रेवाड़ी में तेज आंधी और गरज-चमक के साथ ओले गिरे। इस बेमौसम बरसात और ओलावृष्टि से तापमान में अचानक गिरावट आई है, जिससे लोगों को गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा है। हिसार समेत आस-पास के मैदानी इलाकों में भी दोपहर बाद से आसमान में काले बादल डेरा डाले हुए हैं।
नूंह में 4 बजे ही जलानी पड़ीं हेडलाइट्स, 6 जिलों में चेतावनी
मौसम का सबसे अजीब नजारा नूंह जिले में देखने को मिला। शुक्रवार शाम करीब चार बजे आसमान में इतने घने और गहरे बादल उमड़ आए कि पूरी तरह अंधेरा छा गया। सड़कों पर चल रहे वाहनों को दोपहर बाद ही हेडलाइट जलाकर निकलना पड़ा। मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने आपात बुलेटिन जारी कर नूंह, पलवल, फरीदाबाद, गुरुग्राम, रेवाड़ी और झज्जर में तेज हवाओं, मेघगर्जन और आकाशीय बिजली के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर, हवाओं का बदला रुख
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, उत्तर भारत की पहाड़ियों पर सक्रिय हुए ताजा पश्चिमी विक्षोभ के चलते मैदानी इलाकों की हवा में यह फेरबदल हुआ है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं की जगह अब नम उत्तर-पूर्वी हवाएं बहने लगी हैं। इसी सिस्टम के असर से 25 और 26 अक्टूबर को प्रदेश भर में रुक-रुक कर बादल छाए रहेंगे और कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बौछारें पड़ने के आसार हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि 26 अक्टूबर की देर रात से यह वेदर सिस्टम धीमा पड़ेगा और फिर मौसम साफ होने लगेगा।
दिन में ठिठुरन, बादलों की वजह से रात का पारा चढ़ा
इस मौसमी उलटफेर से तापमान का मिजाज भी पूरी तरह बदल रहा है। बादलों और ठंडी हवाओं के कारण अगले दो से तीन दिनों तक दिन के पारे में गिरावट आएगी, जिससे दोपहर की तपिश गायब होगी और सुबह-शाम ठंड बढ़ेगी। वहीं, रात के समय आसमान में बादलों की चादर तनी रहने से जमीन की गर्मी बाहर नहीं निकल पाएगी, जिसके चलते रात के न्यूनतम तापमान में हल्का उछाल आ सकता है।
जानिए किस शहर में कितना दर्ज हुआ तापमान
शुक्रवार को प्रदेश के अलग-अलग जिलों में तापमान का बड़ा अंतर देखा गया। दिन के वक्त गुरुग्राम 33.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, वहीं नूंह में 33.5 और हिसार व दादरी में 33.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। सबसे ठंडा दिन पंचकूला में रहा, जहां पारा 29.1 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं गया।
यह भी पढ़ें -निजीकरण की चिंगारी से दहका हरियाणा: 600 से ज्यादा फीडर ठप, यूपी ने मदद से खींचे हाथ, विज बोले- कोर्ट से निकलेगा हल
रातों के पारे में करीब 7.6 डिग्री का अंतर सामने आया है। एक तरफ गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान सबसे कम 14.0 डिग्री और पंचकूला में 14.3 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, वहीं दूसरी ओर नूंह में रात का पारा सबसे ज्यादा 21.6 डिग्री और झज्जर में 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।




