Haryana Patwari Strike: हरियाणा में 24 अगस्त से ठप हो सकते हैं जमीन-जायदाद के काम, पटवारी और कानूनगो ने दिया अनिश्चितकालीन हड़ताल का अल्टीमेटम

by Vipin Zaildar
हरियाणा में 24 अगस्त से ठप हो सकते हैं जमीन-जायदाद के काम

भिवानी/चंडीगढ़: हरियाणा में दी रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है जिससे 24 अगस्त से प्रदेशभर में जमीनी काम ठप होने की आशंका है। एसोसिएशन ने शुक्रवार को हुई बातचीत विफल रहने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया है।

एसोसिएशन के राज्य उपाध्यक्ष विकास राठी के अनुसार नया डिजिटल इंतकाल पोर्टल पिछले चार महीने से तकनीकी खामियों (Technical Glitches) से जूझ रहा है। इससे पटवारियों का काम बढ़ा है और जनता को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने तकनीकी टीम की जवाबदेही तय करने और त्रुटिहीन रिकॉर्ड जारी करने की मांग की है।

कर्मचारी संघ ने ‘डिजिटल क्रॉप सर्वे’ और रोवर मशीन के प्रयोग को अव्यावहारिक बताते हुए, इसे बाहरी एजेंसी को सौंपने की मांग की है। इसके अलावा गिरदावरी सहायकों के मानदेय, बकाया एलटीसी और इंक्रीमेंट से जुड़ी फाइलें, जो वर्षों से लंबित हैं उनके त्वरित निस्तारण की मांग की जा रही है।

भिवानी में जारी प्रदर्शन को अब रोडवेज, फायर ब्रिगेड और अन्य कर्मचारी यूनियनों का भी समर्थन मिल गया है। अगर सरकार जल्द समाधान नहीं करती है, तो 24 अगस्त से सभी तहसीलों और उप-तहसीलों के काम बंद कर दिए जाएंगे।

You may also like