महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 9 से 11 अक्टूबर तक 20वीं राष्ट्रीय फ्लोरबॉल चैंपियनशिप-2026 आयोजित होगी। प्रतियोगिता में देश के करीब 17 राज्यों से लगभग 1200 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। लड़के और लड़कियों के अलग-अलग आयु वर्गों के मुकाबलों के साथ अंडर-17, जूनियर और सीनियर वर्ग में फेडरेशन कप के मैच भी होंगे।

चैंपियनशिप का आयोजन फ्लोरबॉल एसोसिएशन ऑफ हरियाणा की ओर से किया जा रहा है। एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री हरियाणा के ओएसडी गजेंद्र फोगाट के अनुसार, प्रतियोगिता से जुड़ी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। खिलाड़ियों के ठहरने, खेल मैदान, सुरक्षा, चिकित्सा और स्वागत समेत अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

यह भी पढ़ें -रोहतक की दो बेटियों ने एशियन गेम्स में जीते स्वर्ण पदक, घर पहुंचकर सम्मानित हुईं

9 अक्टूबर को उद्घाटन, सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होगा

चैंपियनशिप का उद्घाटन 9 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम करेंगे। उद्घाटन समारोह में कलाकार अमित सैनी रोहतकिया, प्रदीप बूरा और पूजा हुड्डा सहित अन्य लोक कलाकार मौजूद रहेंगे।

आयोजकों के मुताबिक, समारोह में विभिन्न खेलों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ी भी शामिल होंगे। इनमें भारतीय कबड्डी टीम के कप्तान सुनील मलिक और एशियन चैंपियनशिप में शूटिंग में कांस्य पदक जीतने वाली आशिमा अहलावत प्रमुख हैं।

उद्घाटन के बाद हरियाणवी सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी। इसमें लोक कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम के जरिए देशभर से आने वाले खिलाड़ियों और अतिथियों को हरियाणा की लोक संस्कृति से परिचित कराने की योजना है।

यह भी पढ़ें -रोहतक: सांपला में सेवा सेतु शिविर, 7 से 9 अक्तूबर तक गांवों में भी कैंप

पारंपरिक लोक वाद्ययंत्रों से होगा खिलाड़ियों का स्वागत

गजेंद्र फोगाट ने बताया कि विभिन्न राज्यों से रोहतक पहुंचने वाले खिलाड़ियों और अतिथियों का स्वागत हरियाणवी लोक परंपरा के अनुसार किया जाएगा। इसके लिए स्वागत दल बीन, तुम्बा, ढोल, नगाड़े, चिमटे और खड़ताल सहित अन्य लोक वाद्ययंत्रों के साथ प्रस्तुतियां देगा।

10 अक्टूबर को पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान किए जाएंगे। वहीं 11 अक्टूबर को होने वाले समापन समारोह में सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी शामिल होंगी।

यह भी पढ़ें -करनाल की मंडियों में 69,633 मीट्रिक टन धान की आवक, खरीद एजेंसियों को उठान के निर्देश

8 अक्टूबर को प्रेस मीट और फ्लोरबॉल डेमो मैच

चैंपियनशिप से पहले 8 अक्टूबर को शाम 4 बजे आयोजन स्थल पर प्रेस मीट होगी। इसमें मीडिया की मौजूदगी में फ्लोरबॉल का डेमो मैच कराया जाएगा। इसी दौरान प्रतियोगिता का शेड्यूल, सोवेनियर और शुभंकर जारी किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार, सांस्कृतिक संध्या के दौरान फ्लोरबॉल के थीम गीत का वीडियो भी जारी किया जाएगा।

चैंपियनशिप की तैयारियों का जायजा लेने के लिए गजेंद्र फोगाट ने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के खेल निदेशक कुलताज सिंह और फ्लोरबॉल से जुड़े राष्ट्रीय पदाधिकारी दीपेंद्र आर्य के साथ आयोजन स्थल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों के ठहरने, खेल मैदान, सुरक्षा, चिकित्सा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।