करनाल: जिले की मंडियों में धान की आवक लगातार जारी है। अब तक विभिन्न मंडियों में 69,633 मीट्रिक टन धान पहुंच चुका है। उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने सरकारी खरीद एजेंसियों को धान की खरीद और मंडियों से उठान का काम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
उपायुक्त के अनुसार, खाद्य आपूर्ति विभाग ने अब तक 4,899 मीट्रिक टन धान की खरीद की है। वहीं हैफेड ने 2,784 मीट्रिक टन और हरियाणा वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन ने 3,994 मीट्रिक टन धान खरीदा है। इन तीनों एजेंसियों की कुल खरीद 11,677 मीट्रिक टन है।
यह भी पढ़ें -Haryana News: गुरुग्राम के झाड़सा स्कूल में पॉक्सो कानून पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
समय पर हो धान का उठान
मंडियों में खरीदे गए धान के उठान को लेकर उपायुक्त ने संबंधित सरकारी एजेंसियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मंडियों से धान का उठान समय पर कराया जाए, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी न हो और मंडियों में अनावश्यक भीड़ की स्थिति न बने।
सरकारी खरीद एजेंसियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि किसानों की फसल सरकार की ओर से निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदी जाए।
मंडियों में सुविधाओं पर भी जोर
उपायुक्त ने मंडियों में पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध रखने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा किसानों की सुविधा के लिए स्वच्छ पेयजल और सुलभ शौचालय की व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया है।
यह भी पढ़ें -रोहतक: सांपला में सेवा सेतु शिविर, 7 से 9 अक्तूबर तक गांवों में भी कैंप
मंडियों में साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि धान की खरीद के दौरान किसानों को मूलभूत सुविधाओं की कमी का सामना न करना पड़े।







