गन्ना पिराई सत्र 2026-27 को लेकर करनाल सहकारी चीनी मिल के अधीन क्षेत्र में 22,724 एकड़ में गन्ने की बिजाई दर्ज की गई है। मिल प्रबंधन के अनुसार खेतों में किए गए गन्ना सर्वे की जानकारी गन्ना किसान एप पर अपडेट कर दी गई है। किसान अब मोबाइल से अपने सर्वे का विवरण देखकर उस पर सहमति या एतराज दर्ज कर सकते हैं।

करनाल सहकारी चीनी मिल की प्रबंध निदेशक अदिति ने बताया कि मिल कर्मचारियों की ओर से खेतों में जाकर गन्ने के सर्वे का काम किया जा रहा है। किसानों से संबंधित सर्वे की जानकारी शुगर मिल फेडरेशन की ओर से जारी किसान एप पर उपलब्ध करा दी गई है।

यह भी पढ़ें -Haryana News: गुरुग्राम के झाड़सा स्कूल में पॉक्सो कानून पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

10 अक्टूबर तक दर्ज कर सकते हैं एतराज

किसान एप पर अपने गन्ने के सर्वे की जानकारी देख सकते हैं। इसमें किसान के पास कितने एकड़ में गन्ना है और कौन सी वैरायटी की गन्ने की फसल है, इसकी जानकारी दर्ज है।

मिल प्रबंधन के अनुसार किसान 10 अक्टूबर तक एप के माध्यम से सर्वे पर अपनी सहमति या एतराज दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए किसानों को चीनी मिल में आने की जरूरत नहीं है। किसी जानकारी को लेकर समस्या होने पर किसान संबंधित कामदार से संपर्क कर सकते हैं या ऑनलाइन समस्या दर्ज करा सकते हैं।

यदि कोई किसान 10 अक्टूबर तक एप पर सहमति, एतराज या कोई अन्य विकल्प दर्ज नहीं करता है तो उसकी सहमति मानी जाएगी।

यह भी पढ़ें -करनाल की मंडियों में 69,633 मीट्रिक टन धान की आवक, खरीद एजेंसियों को उठान के निर्देश

आगे भी किसान एप से जुड़ेगा गन्ने का रिकॉर्ड

मिल प्रबंधन के अनुसार किसान एप में दर्ज सर्वे की जानकारी आगे की गन्ना आपूर्ति प्रक्रिया में भी इस्तेमाल होगी। इसी एप पर किसानों के गन्ने की बोर्डिंग से संबंधित प्रक्रिया होगी और इसके आधार पर किसानों को गन्ने की पर्चियां तथा भुगतान से जुड़ी जानकारी उपलब्ध होगी।

मिल प्रबंधन ने किसानों से अपने सर्वे की जानकारी एप पर जांचने और निर्धारित समय सीमा के भीतर जरूरी सहमति या एतराज दर्ज करने को कहा है।

यह भी पढ़ें -रोहतक: सांपला में सेवा सेतु शिविर, 7 से 9 अक्तूबर तक गांवों में भी कैंप