अजमेर को मिली करोड़ों की सौगात, इन इलाकों की बदल जाएगी तस्वीर, जानें पूरा प्लान
अजमेर उत्तर में 1.29 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण, नवीनीकरण और रिटेनिंग वॉल के कार्यों का शुभारंभ हुआ। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने काजीपुरा और बोराज में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के निर्देश दिए, जिससे हजारों ग्रामीणों और वाहन चालकों को आवागमन में सीधी राहत मिलेगी।
लेखक: Vinod YadavFounder & Editorप्रकाशित: · 2 मिनट में पढ़ें
शेयर करें
विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने काजीपुरा स्थित तेजा चौक में आयोजित कार्यक्रम में फोटो: DIPR, Rajasthan
विज्ञापन
अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के काजीपुरा और बोराज क्षेत्र के निवासियों के लिए सोमवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया। लंबे समय से बेहतर कनेक्टिविटी की राह देख रहे ग्रामीणों और वाहन चालकों को अब जर्जर रास्तों से निजात मिलने जा रही है। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने क्षेत्र में 1 करोड़ 29 लाख 64 हजार रुपये की लागत से बनने वाली नई सड़कों, रिन्यूवल और रिटेनिंग वॉल निर्माण कार्यों की विधिवत शुरुआत की। सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) की देखरेख में ये सभी कार्य पूरे किए जाएंगे।
परियोजनाओं के तहत वार्ड संख्या 6 स्थित काजीपुरा में 38.48 लाख रुपये से तेजाजी मंदिर से रतन पांचू के मकान तक पक्की सड़क और भैरव मंदिर मार्ग पर सुरक्षा के लिहाज से रिटेनिंग वॉल बनाई जाएगी। वहीं, वार्ड संख्या 7 (बोराज) में 55 लाख रुपये की लागत से मुख्य सड़क का कायाकल्प होगा और रावत कॉलोनी में 36.16 लाख रुपये से बची हुई मिसिंग लिंक सड़कों को आपस में जोड़ा जाएगा।
इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने दो टूक शब्दों में अधिकारियों को हिदायत दी कि निर्माण कार्य तय समय सीमा और उच्च गुणवत्ता के मानकों के तहत ही पूरे होने चाहिए। उन्होंने सड़कों को विकास की बुनियादी जीवनरेखा बताते हुए कहा कि मजबूत रास्तों से शिक्षा, स्वास्थ्य और स्थानीय व्यापार को नई गति मिलती है। क्षेत्र में चल रहे अन्य बड़े प्रोजेक्ट्स का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि हाथीखेड़ा में 20 करोड़ रुपये से बालिका सैनिक स्कूल का निर्माण, वरुणसागर झील व चौरसियावास तालाब का सौंदर्यीकरण तथा बोराज तालाब की पाल का पुनर्निर्माण भी प्राथमिकता के साथ कराया जा रहा है।