हरियाणा

Mission Olympic 2036: हरियाणा में 11 इंटरनेशनल स्पोर्ट्स सेंटर बनेंगे, 800 करोड़ का बजट

विराट भारत डेस्क / चंडीगढ़: चंडीगढ़ में मिशन ओलंपिक 2036 को लेकर हुई समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं तैयार करने का बड़ा फैसला लिया। पहले चरण में राज्य के अलग-अलग हिस्सों में 11 सेंटर विकसित किए जाएंगे, जिनके लिए करीब 800 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा का लक्ष्य 2036 ओलंपिक में ज्यादा से ज्यादा पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को तैयार करना है। इसी उद्देश्य से स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी राई, स्टेट स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स पलवल, टीडीएल स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र के अलावा करनाल, जींद, गोहाना और यमुनानगर स्थित स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स व निजी अकादमियों को इस योजना में शामिल किया गया है। 

इन केंद्रों पर खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

13 से 16 साल के खिलाड़ियों पर रहेगा फोकस

बैठक में खास तौर पर 13 से 16 वर्ष आयु वर्ग के नए खिलाड़ियों को तैयार करने की रणनीति पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बताया कि ओलंपिक 2036 टैलेंट मिशन के तहत स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी राई को नोडल एजेंसी बनाया गया है। इस पूरे मिशन की निगरानी खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम करेंगे।

1200 खिलाड़ियों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण

सरकार की योजना के अनुसार पहले चरण में 1200 युवा खिलाड़ियों को विभिन्न खेलों के लिए तैयार किया जाएगा। इन खिलाड़ियों को वर्ष 2028 के एशियन गेम्स और आगे 2036 ओलंपिक को ध्यान में रखकर प्रशिक्षण दिया जाएगा। सरकार का कहना है कि प्रशिक्षण के लिए ओलंपिक पदक विजेता कोचों की सेवाएं भी ली जाएंगी ताकि खिलाड़ियों को उच्च स्तर की तैयारी मिल सके।

आगे 23 और स्पोर्ट्स सेंटर भी बनेंगे

मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले चरण के बाद राज्य में 23 अतिरिक्त खेल केंद्र भी विकसित किए जाएंगे। इन केंद्रों में खिलाड़ियों के रहने और खाने की व्यवस्था भी उपलब्ध होगी, ताकि वे पूरी तरह प्रशिक्षण पर ध्यान दे सकें और लंबी अवधि तक व्यवस्थित माहौल में अभ्यास कर सकें।

बैठक में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम के अलावा मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, प्रधान सचिव अरुण गुप्ता, आयुक्त एवं सचिव सी. जी. रजनीकांथन, उपप्रधान सचिव डॉ. यशपाल, अजय कुमार, कैप्टन मनोज कुमार, निदेशक पार्थ गुप्ता सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

आधिकारिक स्रोत

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button