Haryana News: रबी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में बढ़ोतरी से हरियाणा के किसानों को सरकारी खरीद के मौजूदा आंकड़ों के आधार पर करीब 515 करोड़ रुपये का अतिरिक्त लाभ मिलने का अनुमान है। इसमें सरसों और गेहूं की सरकारी खरीद प्रमुख आधार है। खरीद की मात्रा बढ़ने पर किसानों को मिलने वाला अतिरिक्त लाभ भी बढ़ सकता है।
सरसों के MSP में 413 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई है। इसका भाव 6,200 रुपये से बढ़ाकर 6,613 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है। हरियाणा में करीब 8 लाख टन सरसों की सरकारी खरीद होने पर किसानों को लगभग 330 करोड़ रुपये का अतिरिक्त लाभ मिलने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें -करनाल की मंडियों में 69,633 मीट्रिक टन धान की आवक, खरीद एजेंसियों को उठान के निर्देश
अगर सरसों की सरकारी खरीद 13 लाख टन तक पहुंचती है तो अकेले इस फसल से किसानों को मिलने वाला अतिरिक्त लाभ करीब 537 करोड़ रुपये हो सकता है। ऐसी स्थिति में सभी संबंधित रबी फसलों को मिलाकर अतिरिक्त लाभ करीब 720 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।
सरसों किसानों को सबसे बड़ा फायदा
हरियाणा में सिरसा, भिवानी, महेंद्रगढ़ और चरखी दादरी सरसों उत्पादन वाले प्रमुख जिलों में शामिल हैं। करीब 2.59 लाख सरसों विक्रेताओं के आधार पर औसत अतिरिक्त लाभ लगभग 12,700 रुपये प्रति किसान बैठता है। हालांकि वास्तविक लाभ किसान द्वारा बेची गई सरसों की मात्रा पर निर्भर करेगा।
गेहूं के MSP में 25 रुपये की बढ़ोतरी
गेहूं का MSP भी बढ़ाया गया है। इसका भाव 2,585 रुपये से बढ़ाकर 2,610 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। यानी किसानों को हर क्विंटल पर 25 रुपये अधिक मिलेंगे।
यह भी पढ़ें -करनाल में 22,724 एकड़ गन्ने का सर्वे पूरा, 10 अक्टूबर तक किसान दर्ज कर सकेंगे सहमति या एतराज
करीब 72 लाख टन गेहूं की सरकारी खरीद को आधार मानें तो हरियाणा के किसानों को लगभग 180 करोड़ रुपये का अतिरिक्त लाभ मिलने का अनुमान है। करीब 4.69 लाख गेहूं विक्रेताओं के हिसाब से औसत अतिरिक्त रकम लगभग 3,800 रुपये प्रति किसान बैठती है।
दूसरी रबी फसलों का भी बढ़ा MSP
सरकार ने गेहूं और सरसों के अलावा अन्य रबी फसलों के MSP में भी बढ़ोतरी की है। जौ का MSP 2,150 रुपये से बढ़ाकर 2,286 रुपये, चना 5,875 से बढ़ाकर 5,958 रुपये और मसूर 7,000 से बढ़ाकर 7,390 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है।
यह भी पढ़ें -कुरुक्षेत्र में धान खरीद का आंकड़ा 1.22 लाख क्विंटल के पार, उठान में लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश
कुसुम का MSP 6,540 रुपये से बढ़कर 7,215 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है। इसमें 675 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई है, जो बताई गई रबी फसलों में सबसे अधिक है।
चना, मसूर और कुसुम के किसानों को मिलने वाला वास्तविक अतिरिक्त लाभ सरकारी खरीद की मात्रा और फसल के बिक्री भाव पर निर्भर करेगा।







