दिल्ली: नई दिल्ली: पेरिस में आयोजित अंतरराष्ट्रीय फूड ट्रेड एग्जिबिशन (International Food Trade Exhibition - SIAL) से वतन लौटते ही पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान एक नए सियासी विवाद के केंद्र में आ गए हैं। आम आदमी पार्टी ने दावा किया है कि दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरते ही कस्टम और सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों ने सीएम मान को करीब तीन घंटे तक रोके रखा और उनका 50 हजार रुपये का चालान भी काटा।
पार्टी के पंजाब मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने आरोप लगाया कि जब इस कार्रवाई की वजह पूछी गई, तो वहां मौजूद अधिकारियों ने 'ऊपर से भारी दबाव' होने की बात कही। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मुख्यमंत्री को किस तकनीकी नियम या दस्तावेजी खामी के चलते रोका गया और चालान किस आधार पर काटा गया।
यह भी पढ़ें -दिल्ली, बेंगलुरु और नागपुर में DRI का बड़ा एक्शन, बड़ी मात्रा में कोकीन और एम्फ़ैटेमिन बरामद, 3 तस्कर गिरफ्तार
इस घटनाक्रम ने पंजाब और केंद्र सरकार के बीच जारी टकराव को और तेज कर दिया है। आप का आरोप है कि केंद्र सरकार जानबूझकर गैर-बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को परेशान करने की नीति अपना रही है। पन्नू के अनुसार, सीएम मान पंजाब के कृषि उत्पादों को वैश्विक मंच पर प्रमोट करने और राज्य में विदेशी निवेश लाने के उद्देश्य से पेरिस गए थे। यह यात्रा भी केंद्र की प्रारंभिक रोक के बाद पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के दखल और अनुमति से संभव हो सकी थी।
आप नेताओं ने यह भी दावा किया कि कोर्ट के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद पेरिस में मौजूद भारतीय कॉन्सुल जनरल शिष्टाचार भेंट के लिए मुख्यमंत्री से मिलने तक नहीं पहुंचे। पार्टी ने सीधे तौर पर केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि चाहे किसानों का आंदोलन हो, पंजाब का फंड रोकना हो या फिर मुख्यमंत्री की विदेश यात्राओं की मंजूरी बार-बार रद्द करना हो केंद्र लगातार पंजाब के विकास की राह में बाधाएं खड़ी कर रहा है।








