पलवल: फरीदाबाद/पलवल: दीपावली के त्योहार की रौनक को दोगुना करने के लिए हरियाणा पर्यटन विभाग की ओर से फरीदाबाद के प्रसिद्ध सूरजकुंड परिसर में चार दिवसीय भव्य दीपावली मेला आयोजित किया जा रहा है।
यह मेला 23 अक्टूबर से शुरू होकर 26 अक्टूबर तक चलेगा। उत्सव का औपचारिक शुभारंभ शुक्रवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे। इस मौके पर प्रदेश के विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद कुमार भी विशिष्ट रूप से उपस्थित रहेंगे।
यह भी पढ़ें -किसानों के लिए बड़ी राहत: दो दिन में पहुंचेगी DAP की 2 रैक, खाद टैगिंग करने वाले डीलरों पर होगी FIR
वहीं 26 अक्टूबर को मेले के समापन समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
त्योहारी सीजन में दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए यह मेला खरीदारी और मनोरंजन का बड़ा केंद्र बनने जा रहा है। पलवल के उपायुक्त डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर के अनुसार, मेले में देश के विभिन्न राज्यों की लोक संस्कृति, कला और परंपराओं का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
संगीत प्रेमियों के लिए मेले में विशेष सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन होगा, जिसमें विख्यात सूफी एवं लोक गायक कंवर ग्रेवाल अपनी शानदार गायकी से समां बांधेंगे।
यह भी पढ़ें -नूंह में एक्शन मोड में मंत्री विपुल गोयल: CMO की हाजिरी जांच के आदेश और आंगनबाड़ी पर कड़ा रुख
इसके साथ ही खानपान के शौकीनों के लिए एक विशाल फूड कोर्ट तैयार किया गया है जहां भारत के कोने-कोने के पारंपरिक और स्वादिष्ट व्यंजन उपलब्ध रहेंगे।
स्थानीय कारीगरों और हथकरघा उद्योग को मंच देने के उद्देश्य से परिसर में 250 से अधिक स्टॉल्स सजाए जाएंगे।
यह भी पढ़ें -अंतर्जातीय विवाह पर सरकार दे रही ₹2.50 लाख: जानें किसे और कैसे मिलेगा योजना का लाभ
इन स्टॉल्स पर देश भर के अनूठे हस्तशिल्प, हथकरघा उत्पाद, पारंपरिक कलाकृतियां, होम डेकोर और दिवाली पूजन व सजावट से जुड़ी सामग्री की विस्तृत श्रृंखला उपलब्ध होगी।
सीधे कारीगरों से खरीदारी करने से लोगों को न केवल प्रामाणिक वस्तुएं मिलेंगी, बल्कि स्थानीय हुनर को भी बढ़ावा मिलेगा।








